गिरिडीह: जिले में पारसनाथ की पहाड़ियों पर सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण सफलता मिली है. गिरिडीह पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने जंगल में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान एक केन बम, 38 ग्रेनेड शेल और ग्रेनेड बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है.


जानकारी के अनुसार, नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सुरक्षा बलों ने पारसनाथ की पहाड़ियों और आसपास के जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया. इसी दौरान जंगल में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री का पता चला. सुरक्षा बलों ने बरामद सामग्री को सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों के साथ अपने कब्जे में लिया.
नक्सल प्रभावित रहे पारसनाथ क्षेत्र में इस बरामदगी को सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है. आशंका जताई जा रही है कि विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल किसी हिंसक वारदात में किया जा सकता था. हालांकि, इसे किसने और किस उद्देश्य से छिपाया था, इसकी जांच जारी है. फिलहाल पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम इलाके में नक्सली गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ तलाशी अभियान चला रही है.

