आदित्यपुर: नगर निगम के वार्ड-17 स्थित हरिओम नगर रोड नंबर-5 में आवास बोर्ड की जमीन पर कराई गई बाउंड्री से करीब 200 परिवारों की परेशानी बढ़ गई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, बाउंड्री के कारण घरों से निकलने वाले पानी की निकासी बाधित हो गई है और गंदा पानी सड़क पर बहने के बाद वापस घरों में घुस रहा है.


स्थानीय पार्षद नीतू शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम प्रशासक से हस्तक्षेप की मांग की. प्रशासक ने आवास बोर्ड के जेई से बातचीत कर समस्या से अवगत कराया और समाधान निकालने की अपील की. आवास बोर्ड ने टीम भेजकर जांच कराने का आश्वासन दिया है. वहीं, नगर निगम ने भी प्रभावित स्थल पर अपनी टीम भेजकर जलजमाव की स्थिति का जायजा लिया है.
पार्षद नीतू शर्मा ने कहा कि आवास बोर्ड और नगर निगम आपसी समन्वय से जल निकासी का रास्ता निकालें, ताकि करीब 200 परिवारों को राहत मिल सके. अब लोगों की नजर आवास बोर्ड की अगली कार्रवाई पर टिकी है.

