चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में पूर्व आभूषण व्यवसायी उमंग चौधरी के आवास पर हुई डकैती की घटना का उद्भेदन करने में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है. इस मामले में पुलिस ने स्थानीय आरोपी राहुल कुमार महतो और लूटे गए आभूषणों के कथित खरीदार त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार को गिरफ्तार किया है. दोनों की निशानदेही पर धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र से लूटे गए आभूषणों का एक हिस्सा बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार, बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये है.



हथियार के बल पर परिवार को बनाया गया था बंधक
पुलिस के अनुसार, 9 और 10 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि चांडिल बस स्टैंड के समीप स्थित पूर्व आभूषण व्यवसायी उमंग चौधरी के आवास में अज्ञात अपराधकर्मियों ने जबरन प्रवेश किया था. अपराधियों ने परिवार के सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लिए थे. इस संबंध में चांडिल थाना कांड संख्या 137/2026, दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था.
एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष जांच टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चांडिल के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और कथित रूप से घटना में शामिल अपराधियों की पहचान की.
पुलिस के मुताबिक, इस कांड में संदिग्ध पांच आरोपी मोहिउद्दीन अंसारी, गुलजार अंसारी, सद्दाम अंसारी, सोबराती अंसारी और शेख जमील को हजारीबाग जिले के चौपारण थाना कांड संख्या 252/2026 में 26 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. चांडिल डकैती कांड में उनकी कथित संलिप्तता की जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले.
कुरियर डिलीवरी के दौरान घर की पहचान करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, इस मामले में गिरफ्तार स्थानीय आरोपी राहुल कुमार महतो, निवासी सुकसारी, थाना चांडिल, एक डिलीवरी कंपनी में घर-घर जाकर कुरियर पहुंचाने का काम करता था. पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि वर्ष 2022-23 में जमशेदपुर के घाघीडीह जेल में बंद रहने के दौरान उसकी मुलाकात मोहिउद्दीन अंसारी और सोबराती अंसारी से हुई थी.
पुलिस का कहना है कि राहुल ने ही कथित तौर पर उमंग चौधरी के घर को चिन्हित किया और डकैती की घटना को अंजाम देने के लिए मोहिउद्दीन अंसारी से संपर्क कर अन्य अपराधियों को बुलाया था. पुलिस इस मामले में सभी आरोपों और साक्ष्यों की जांच कर रही है.
धनबाद के बरोरा से 24 लाख के आभूषण बरामद
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने लूटे गए आभूषणों के कथित खरीदार त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार को गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र से लूटे गए आभूषणों में शामिल गलाया हुआ सोना-चांदी और अन्य कीमती सामान बरामद किया गया.
बरामद सामान में 5,142 ग्राम गलाया हुआ चांदी, 80 ग्राम गलाया हुआ सोना, ब्रिटिशकालीन चांदी के 32 सिक्के, स्वस्तिक चिह्न वाले चांदी के दो आभूषण तथा ब्रेसलेट से निकाले गए हीरे जैसे 11 छोटे पत्थर शामिल हैं. इसके अलावा दो मोबाइल फोन और एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल भी बरामदगी सूची में शामिल हैं. पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है.
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई है. राहुल कुमार महतो (27 वर्ष), पिता मंटु महतो, निवासी सुकसारी, थाना चांडिल, जिला सरायकेला-खरसावां, त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार (57 वर्ष), पिता लखन लाल स्वर्णकार, निवासी हरिना, थाना बरोरा, जिला धनबाद.
छापेमारी दल में शामिल रहे कई पुलिस पदाधिकारी
इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) दुसरु बानसिंह, नक्सल शाखा प्रभारी राजेश कुमार सिंह, यातायात थाना प्रभारी राजू, चांडिल अंचल निरीक्षक रवि कुमार सिंह, चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी, तिरुलडीह थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा, कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, नीमडीह थाना प्रभारी डील्शन बिरुआ, गम्हरिया थाना के धीरंजन कुमार सहित चांडिल थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे.
आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
पुलिस की ओर से जारी विवरण के अनुसार, त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार के विरुद्ध कतरास, झालदा, गोविंदपुर, बालिडीह, झरिया और बाघमारा थाना क्षेत्रों में पूर्व के कई आपराधिक मामले दर्ज होने का उल्लेख है. वहीं, राहुल कुमार महतो के विरुद्ध चांडिल थाना में वर्ष 2018 का एक मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है.
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है. बरामदगी को इस डकैती कांड के उद्भेदन की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

