जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग चौक स्थित श्री दुर्गा ज्वेलर्स में चोरों ने सेंधमारी कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. दुकान की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसे चोर दो किलो से अधिक चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान ले गए. इतना ही नहीं, दुकान में लगे CCTV कैमरों का DVR भी चोर अपने साथ ले गए.



दुकान मालिक रुद्रदेव कुमार वर्मा के अनुसार उन्होंने रविवार दोपहर दुकान बंद कर दी थी. सोमवार सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था और पिछली दीवार टूटी हुई मिली. उन्होंने चोरी गए सामान की कीमत करीब पांच लाख रुपये होने का अनुमान लगाया है.
घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस चोरी गए सामान और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है. नुकसान की वास्तविक राशि का आकलन किया जा रहा है.

