सरायकेला: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत शनिवार, 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर BLO- BLA- 2 की चौथी बैठक आयोजित की जाएगी. इसके साथ ही चुनाव पाठशाला कार्यक्रम का भी आयोजन होगा. इस अवसर पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक मेगा हेल्प डेस्क कैंप लगाया जाएगा.


जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने बताया कि इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना, निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पुनरीक्षण से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सहायता प्रदान करना है.
मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं का मिलेगा समाधान
मेगा हेल्प डेस्क कैंप में मतदाता सूची से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के साथ ही मतदाता अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन ले सकेंगे. संबंधित पदाधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को सभी मतदान केंद्रों पर कार्यक्रमों का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
शिविर में पहुंचने वाले मतदाताओं को आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें.
उपायुक्त ने मतदाताओं से की अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले के सभी मतदाताओं से अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर चुनाव पाठशाला कार्यक्रम एवं मेगा हेल्प डेस्क कैंप में भाग लेने की अपील की है. उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित जानकारी प्राप्त करने, पुनरीक्षण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए मार्गदर्शन लेने और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के इस अवसर का लाभ उठाने का आग्रह किया है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह (संपादक)

