चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल में खाद की कालाबाजारी और डुप्लीकेट उर्वरकों की बिक्री रोकने को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है. उपायुक्त के निर्देश पर अनुमंडल स्तरीय टास्क फोर्स की शुक्रवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अनुमंडल क्षेत्र के सभी खाद दुकानदारों और चारों प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को बुलाया गया.
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम विकास कुमार राय ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी खाद दुकानदारों को निर्देश दिया गया कि ई-पॉस मशीन में दर्ज स्टॉक और दुकान में मौजूद वास्तविक स्टॉक का मिलान होना अनिवार्य है. यदि दोनों में अंतर पाया गया तो संबंधित दुकानदारों पर कार्रवाई की जाएगी.

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी दुकान में एक्सपायरी खाद नहीं होनी चाहिए और न ही डुप्लीकेट फर्टिलाइजर की बिक्री की जानी चाहिए. अधिकारियों ने कहा कि खेती के मौसम में खाद की कृत्रिम किल्लत पैदा कर कालाबाजारी करने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है.
बैठक में मौजूद सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से खाद दुकानों की जांच और मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया. प्रशासन ने कहा कि यदि कहीं भी खाद की कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली या नकली खाद बेचने की शिकायत मिली तो संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि किसानों को सही कीमत पर गुणवत्तापूर्ण खाद उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. इसलिए सभी दुकानदारों को नियमों का पालन करना होगा. बैठक के बाद खाद कारोबारियों में भी प्रशासनिक सख्ती को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
खेती के सीजन को देखते हुए प्रशासन की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. किसानों का कहना है कि यदि नियमित जांच और सख्त कार्रवाई जारी रही तो कालाबाजारी और नकली खाद के कारोबार पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है.
Report- Afroz Mallik



