चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डोबो इलाके में सड़क किनारे मिले अज्ञात शव की पहचान हो गई है. मृतक की पहचान जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित किताडीह गढ़ीवान पट्टी निवासी मोहम्मद तौसीफ के रूप में हुई है. शव की पहचान होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

जानकारी के अनुसार मृतक मोहम्मद तौसीफ, स्वर्गीय मोहम्मद जब्बार का पुत्र था. डोबो इलाके में युवक का शव पड़े होने की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने कपाली ओपी पुलिस को जानकारी दी थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की थी. शुरुआती जांच के दौरान शव की पहचान नहीं हो सकी थी, जिसके बाद पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना साझा की. बाद में मृतक के परिजन कपाली ओपी पहुंचे, जहां शव की पहचान मोहम्मद तौसीफ के रूप में हुई. शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. लोगों के बीच युवक की मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं. हालांकि पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके. कपाली ओपी के एएसआई मोहम्मद अख्तर अंसारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ मृतक की गतिविधियों और घटनाक्रम की भी जानकारी जुटा रही है.
स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द खुलासा करने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Report- Afroz Mallik



