चांडिल: प्रखंड क्षेत्र के भुईयाडीह स्थित झामुमो कार्यालय परिसर में सोमवार को ईचागढ़ विधानसभा स्तरीय झामुमो कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने की.

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में ईचागढ़ विधायक सविता महतो शामिल हुईं. इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर विस्तार से मंथन किया गया.
विधायक सविता महतो ने कार्यकर्ताओं से पंचायत एवं बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को लगातार जनता के बीच रहना होगा. बैठक में एसआईआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) एवं आगामी जनगणना को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई. नेताओं ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर लोगों को जागरूक करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे.

बैठक में संगठन विस्तार, पंचायत स्तर तक कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी रणनीतियों को लेकर भी चर्चा की गई. इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय सदस्य गुरुचरण किस्कू, चारुचंद किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, बैद्यनाथ टुडू, जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे.



