सरायकेला: जिला मुख्यालय को राजनगर से जोड़ने वाली सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर भाजपा नेता सुमित कुमार चौधरी ने गंभीर चिंता व्यक्त की है. उन्होंने बताया कि यह सड़क महज दो वर्ष पहले ही बनाई गई थी, लेकिन वर्तमान में पूरे मार्ग में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे आवागमन काफी मुश्किल हो गया है.

सड़क की खराब हालत के कारण भारी वाहनों के साथ- साथ छोटे वाहन चालकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हल्की बारिश में गड्ढों में पानी भर जाने से बाइक और मोटरसाइकिल से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो जाता है.
उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति के कारण दुर्घटनाओं में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जो आम लोगों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है. भाजपा नेता ने जिला प्रशासन, विशेषकर सरायकेला- खरसावां के उपायुक्त से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.

