
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड स्थित देवांवीर पंचायत भवन परिसर में शुक्रवार को संयुक्त ग्राम सभा का आयोजन किया गया. पोड़ाहाट पीढ़ के मनकी जयपाल सिंह जोंको की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में ग्रामीणों ने नशा मुक्त पंचायत बनाने का संकल्प लिया. साथ ही बाल विवाह, बाल श्रम और अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने का निर्णय लिया गया.


ग्राम सभा को संबोधित करते हुए मनकी जयपाल सिंह जोंको ने कहा कि पंचायत को नशा मुक्त और आदर्श पंचायत बनाना सभी ग्रामीणों की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने लोगों से सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुट होकर काम करने की अपील की.

स्थानीय मुखिया ज्योति सोय ने कहा कि नशा परिवार और समाज दोनों के लिए नुकसानदायक है. यदि पंचायत को नशा मुक्त बनाया जाता है तो परिवारों में खुशहाली आएगी और लोगों की आर्थिक स्थिति भी बेहतर होगी. उन्होंने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आग्रह किया.
उन्होंने बाल विवाह और बाल श्रम को गंभीर सामाजिक समस्या बताते हुए कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की शादी कराना और उनसे मजदूरी करवाना कानूनन अपराध है. साथ ही यह बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा ही विकास का सबसे मजबूत माध्यम है.

ग्राम सभा में कैनुवा पीढ़ के मनकी संजय हेंब्रम, पंचायत समिति सदस्य जानकी चाकी, बाल सुरक्षा मंच के जिला सदस्य मुनिलाल दास, पूर्व मुखिया जानकी हेंब्रम, पूर्व मुखिया अमर सिंह चाकी, विभिन्न गांवों के ग्रामीण मुंडा, वार्ड सदस्य, सोनुआ पुलिस के जवान तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला- पुरुष उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक






