जामताड़ा/ Manish Baranwal झारखंड अकादमिक परिषद की मैट्रिक परीक्षा 2026 में मिहिजाम की छात्रा आसिया परवीन ने 97.6 प्रतिशत अंक हासिल कर जामताड़ा जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है.

आसिया प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल मिहिजाम की छात्रा हैं. वह मिहिजाम के अमोई की रहने वाली हैं और एक साधारण परिवार से आती हैं. उनके पिता अनवर हुसैन चप्पल का छोटा व्यवसाय करते हैं, जबकि माता साहिना खातून गृहिणी हैं.
सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए आसिया का हर कदम पर साथ दिया. संयुक्त परिवार में पली-बढ़ी आसिया को घर के सभी सदस्यों का सहयोग मिला. उनके बड़े भाई चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना में अप्रेंटिस हैं, जिनसे उन्हें लगातार प्रेरणा मिलती रही. उनकी चचेरी बहन आबिदा परवीन ने भी इसी परीक्षा में 83 प्रतिशत अंक हासिल कर परिवार की खुशी को और बढ़ा दिया है.
आसिया ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित पढ़ाई को दिया है. उन्होंने बताया कि सेल्फ स्टडी और ऑनलाइन संसाधनों का सही उपयोग उनकी सफलता की कुंजी रहा. उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को सलाह दी कि लक्ष्य स्पष्ट रखें और लगातार मेहनत करें.
आसिया का सपना भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाकर देश की सेवा करना है. उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके विद्यालय, बल्कि पूरे इलाके के छात्रों को प्रेरित किया है. विद्यालय के शिक्षक और प्रबंधन ने भी उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी इसी क्षेत्र से टॉपर सामने आया था. लगातार दूसरे साल एक ही इलाके से टॉपर निकलना जामताड़ा के लिए गर्व की बात बन गई है.

