चाईबासा: जिले के सोनुआ रेलवे फाटक पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. साप्ताहिक बाजार से लौट रही 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला रेलवे फाटक पार करने के दौरान बंद हो रहे बैरियर की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.


जानकारी के अनुसार आराहासा गांव निवासी मुकता कोड़ा अपने बेटे के साथ साइकिल से सोनुआ साप्ताहिक बाजार आई थीं. बाजार से लौटने के दौरान जब वे सोनुआ रेलवे फाटक पार कर रही थीं, तभी रेलवे का बैरियर नीचे आने लगा. इसी दौरान बैरियर उनके सिर पर जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ीं.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल महिला को सोनुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. फिलहाल महिला का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



