सरायकेला: जिले के सीनी ओपी क्षेत्र अंतर्गत कमलपुर पंचायत में गुरुवार को पुलिस द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने किया. अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को कानून, सुरक्षा और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक बनाना था.


कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को डायन प्रथा प्रतिषेध कानून, पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह निषेध कानून, महिला सुरक्षा एवं अधिकार, नशा मुक्ति, साइबर अपराध, बच्चा चोरी की अफवाहों से बचाव तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई. पुलिस अधिकारियों ने साइबर ठगी से बचने के उपाय बताते हुए हेल्पलाइन नंबर 1930 और आपातकालीन सेवा 112 के महत्व पर भी प्रकाश डाला.
ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा नियमों और दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले गुड समैरिटन कानून के बारे में भी जागरूक किया गया. पुलिस ने बताया कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की सहायता करने वाले नागरिकों को कानूनी संरक्षण प्राप्त है.
सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई नहीं करती, बल्कि अपराध और सामाजिक बुराइयों की रोकथाम के लिए लगातार जागरूकता अभियान भी चलाती है. उन्होंने ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या साइबर ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की.
कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा विभिन्न विषयों पर पुलिस अधिकारियों से सवाल पूछकर जानकारी प्राप्त की.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



