जामताड़ा: जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-419 पर पीपला मोड़ के समीप गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार महिंद्रा थार और मालवाहक टेम्पो के बीच आमने-सामने की टक्कर में टेम्पो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना में दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा शाम करीब चार बजे हुआ. बताया जा रहा है कि थार वाहन मिहिजाम के आम बगान क्षेत्र की है, जबकि मालवाहक टेम्पो मिहिजाम रेलपार स्थित कृष्णानगर का है. टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया.
हादसे में टेम्पो चालक का पैर वाहन के क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया.
सूचना मिलने पर मिहिजाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया. हादसे के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा.
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. वहीं स्थानीय लोगों ने पीपला मोड़ क्षेत्र में वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



