चाईबासा: शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और जलजमाव की समस्या से निपटने के उद्देश्य से नगर परिषद चाईबासा द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है. आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण, नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड, रांची से प्राप्त दिशा-निर्देशों के तहत जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम के मार्गदर्शन में नगर क्षेत्र में नियमित रूप से साफ-सफाई और फॉगिंग कराई जा रही है.


इसी क्रम में शनिवार को नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया. अभियान के तहत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई, नालियों की सफाई तथा चिन्हित स्थानों पर फॉगिंग कराई गई. नगर परिषद की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के प्रति जागरूक भी किया.
नगर परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें. जलजमाव से मच्छरों के पनपने और मौसमी बीमारियों के फैलने की आशंका रहती है. इसलिए नालियों, खाली भूखंडों और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करें.
समस्याओं की सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद चाईबासा ने स्वच्छता एवं जलजमाव से संबंधित शिकायतों के लिए मोबाइल नंबर 9304222524 सार्वजनिक संपर्क सूत्र के रूप में जारी किया है. शहरवासी अपने क्षेत्र में जलजमाव, गंदगी अथवा साफ-सफाई से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी इस नंबर पर दे सकते हैं, ताकि संबंधित समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
रिपोर्ट : जयंत प्रमाणिक

