जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में बाइक जब्ती के मामले को लेकर गुरुवार सुबह कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई. प्रकाश नगर निवासी संतोष सिंह ने पुलिस गश्ती दल के वाहन चालक पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए टेल्को प्लाजा रोड पर विरोध प्रदर्शन किया.


संतोष सिंह के अनुसार बुधवार देर रात वह टेल्को प्लाजा से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पुलिस गश्ती दल ने उनकी काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को रोक लिया. आरोप है कि बाइक के पीछे नंबर प्लेट नहीं होने का हवाला देकर वाहन को जब्त कर टेल्को थाना ले जाया गया.
युवक का दावा है कि बाद में बाइक छोड़ने के बदले उनसे 10 हजार रुपये की मांग की गई. उन्होंने आरोप लगाया कि गश्ती वाहन का चालक अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए उनसे अवैध रूप से पैसे मांग रहा था.
घटना से नाराज संतोष सिंह गुरुवार सुबह अपनी बाइक के दस्तावेजों के साथ टेल्को प्लाजा रोड पर धरने पर बैठ गए. विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ.
मामले की जानकारी मिलने पर टाइगर मोबाइल की टीम मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने युवक को शिकायत की जांच कराने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद संतोष सिंह ने अपना धरना समाप्त कर दिया, जिससे यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई.
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. वहीं स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने तथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.



