
आदित्यपुर: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड-17 स्थित प्रभात पार्क के समीप रहने वाले 79 वर्षीय कामेश्वर उपाध्याय शुक्रवार सुबह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए. वह जमशेदपुर के बागबेड़ा भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष धनंजय उपाध्याय के पिता हैं. घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है और पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई है.


परिजनों के अनुसार, कामेश्वर उपाध्याय रोज की तरह शुक्रवार सुबह काली मंदिर में पूजा के लिए फूल तोड़ने और मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला.
बताया गया है कि वह अपने छोटे पुत्र संजय उपाध्याय के साथ प्रभात पार्क के पास किराये के मकान में रहते हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जानकारी लेकर जांच में जुट गई है, जबकि परिजन अपने स्तर पर संभावित स्थानों पर उनकी तलाश कर रहे हैं.
परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को कामेश्वर उपाध्याय कहीं दिखाई दें या उनके संबंध में कोई जानकारी मिले तो कृपया तत्काल 7479619901, 9204521777 या 7870820572 पर सूचना दें, ताकि उन्हें सकुशल घर पहुंचाया जा सके.






