
जमशेदपुर: रोटरैक्ट क्लब ऑफ नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय ने रोटा वर्ष 2026-2027 के प्रथम प्रमुख प्रोजेक्ट के तहत विश्वविद्यालय परिसर में रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया. शिविर का आयोजन विश्वविद्यालय के नर्सिंग विभाग एवं नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एनएसएमसीएच) के सहयोग से किया गया. दोनों संस्थानों के समन्वित प्रयास से शिविर का सफल और सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित हुआ.


रक्तदान शिविर में विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों तथा स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया. क्लब के 8 से 10 रोटरैक्ट सदस्यों ने भी आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई. शिविर के दौरान कुल 67 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो भविष्य में जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोगी साबित होगा.
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव नागेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे. उन्होंने रक्तदाताओं एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए अधिक से अधिक लोगों से स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की. उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान है. आपका एक छोटा-सा प्रयास किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है. युवाओं को ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, क्योंकि यही समाज के प्रति हमारी सच्ची जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का परिचायक है.”
उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं. ऐसे प्रयास लोगों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के साथ-साथ जरूरतमंदों के जीवन में नई उम्मीद भी जगाते हैं.
रोटा वर्ष 2026-2027 के प्रथम प्रोजेक्ट के रूप में आयोजित यह रक्तदान शिविर पूरी तरह सफल और प्रेरणादायक रहा. आयोजन के माध्यम से रोटरैक्ट क्लब ने सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह





