मधुबनी: बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले पर रविवार को मधुबनी जिले में कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना कलुआही थाना क्षेत्र के ठाहर गांव के पास हुई, जहां कुछ लोगों ने मंत्री के काफिले पर पत्थरबाजी कर दी. इस घटना में काफिले की एक गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि मंत्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं.


प्राप्त जानकारी के अनुसार मंत्री अरुण शंकर प्रसाद अपने विधानसभा क्षेत्र खजौली में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे. इसी दौरान ठाहर गांव के समीप अचानक कुछ लोगों ने उनके काफिले को निशाना बनाते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी. घटना से कुछ देर के लिए अफरा- तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई.
पत्थरबाजी में काफिले में शामिल एक वाहन को नुकसान पहुंचा है. हालांकि सुरक्षा कर्मियों की तत्परता के कारण मंत्री को किसी प्रकार की चोट नहीं आई और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
गौरतलब है कि अरुण शंकर प्रसाद मधुबनी जिले की खजौली विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं और वर्तमान में बिहार सरकार में श्रम संसाधन एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री हैं. मंत्री के काफिले पर हमले की घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.



