मोतिहारी: भूमाफिया और अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर देर रात भूमाफिया राकेश शर्मा के घर छापेमारी की गई. इस दौरान पुलिस ने 2 राइफल, 2 पिस्टल, करीब 100 कारतूस, ब्रांडेड शराब की 6 बोतलें, 15 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के 65 से ज्यादा डीड रजिस्ट्री के कागजात और 27 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं.


तीन डीएसपी और पांच थानों की पुलिस टीम ने की छापेमारी
कार्रवाई में तीन डीएसपी और पांच थानों की पुलिस टीम शामिल रही. पुलिस ने मौके से राकेश शर्मा के पुत्र साहिल शर्मा को गिरफ्तार किया है. बरामद जमीन के दस्तावेजों को खंगालने में पुलिस जुटी हुई है.
पुलिस पदाधिकारी से कथित सांठगांठ की भी चर्चा
छापेमारी के बाद इलाके में एक अनुमंडल स्तर के पुलिस पदाधिकारी और भूमाफिया के बीच कथित सांठगांठ को लेकर भी चर्चा हो रही है. हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. मामले की निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से जांच के बाद ही इन चर्चाओं की सच्चाई सामने आ सकेगी.
प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी
छतौनी थाना पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है. पुलिस बरामद हथियारों, कारतूस, नकदी, शराब और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

