बेतिया: जिले के बगहा और बेतिया में दुर्गा पूजा एवं दशहरा 2026 को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में बगहा अनुमंडल में एसडीओ चांदनी कुमारी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए.


उपद्रव करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
बैठक में एसडीओ चांदनी कुमारी ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान हिंसा, अफवाह या उपद्रव फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की.
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में एसडीपीओ निहार भूषण, रामनगर एसडीपीओ सतेंद्र राम, ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए.
प्रशासन ने सभी से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की.
डीजे पर प्रतिबंध को लेकर निर्देश
दुर्गा पूजा के दौरान डीजे पर
प्रतिबंध रहने की बात कही गई है. प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी तरह के विवाद या अप्रिय घटना को रोकना है. पुलिस और प्रशासन ने लोगों से नियमों का पालन करने तथा शांतिपूर्ण तरीके से पूजा और दशहरा मनाने की अपील की है.

