
पटना: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर अब सरकारी वाहनों का भी इस्तेमाल करने लगे हैं. राजधानी पटना में उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दीदारगंज टोल प्लाजा के पास बिहार सरकार के कृषि विभाग के आयुक्त का बोर्ड लगी एक इनोवा कार से 528 केन विदेशी बीयर बरामद की है. कार्रवाई के दौरान वर्दी पहने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. उससे पूछताछ जारी है.


उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सरकारी वाहन के जरिए शराब की खेप ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर टीम ने दीदारगंज टोल प्लाजा के पास वाहन को रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान कार से 528 केन विदेशी बीयर बरामद हुई. इसके बाद वाहन को जब्त कर लिया गया.

कार पर बिहार सरकार के कृषि विभाग के आयुक्त का बोर्ड लगा होने से मामला और भी गंभीर हो गया है. अब जांच इस बात की भी की जा रही है कि वाहन का उपयोग किसके निर्देश पर किया जा रहा था. साथ ही सरकारी पहचान का इस्तेमाल कर शराब तस्करी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.
उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के सहायक आयुक्त प्रेम प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है. पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.





