
जमशेदपुर: मानगो थाना परिसर में सोमवार को शांति समिति एवं पुलिस समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी, पुलिस पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल हुए.


बैठक में बढ़ते अपराध, नशे के अवैध कारोबार, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. स्थानीय लोगों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और सुझावों से पुलिस को अवगत कराया.
एएसपी ऋषभ त्रिवेदी ने कहा कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में इस तरह की बैठकें आयोजित की जा रही हैं. लोगों से मिली सूचनाओं के आधार पर अपराधियों और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना बिना किसी भय के पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बेहतर समन्वय से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





