
दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के पतोर थाना क्षेत्र स्थित चंचल नगर में मंगलवार को चारदीवारी निर्माण के दौरान हुए संदिग्ध विस्फोट में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी. एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.


घायलों की पहचान रामबाबू पासवान और भोला पासवान के रूप में हुई है. दोनों निर्माणाधीन चारदीवारी में स्टरिंग खोलने का काम कर रहे थे. इसी दौरान लोहे की रॉड में टंगा एक झोला दिखाई दिया. जैसे ही मजदूरों ने झोले को हटाने की कोशिश की, उसमें तेज धमाका हो गया. दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से डीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस जमीन पर चारदीवारी का निर्माण हो रहा था, उसे लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना का संबंध इसी विवाद से हो सकता है. हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
मौके पर पहुंचे दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. घटनास्थल से मिले अवशेषों को जब्त कर परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह विस्फोट है या कोई अन्य घटना, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. आवश्यकता पड़ने पर एफएसएल (FSL) टीम की भी मदद ली जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि संदिग्ध सामग्री वहां किसने और कब रखी थी.
Edited By Sarita





