
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में विषाक्त मशरूम खाने से एक ही परिवार के छह लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. सभी को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में चिंता का माहौल है.


जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने जंगल से लाए गए मशरूम को भोजन के रूप में तैयार कर खाया था. भोजन करने के कुछ ही देर बाद सभी को उल्टी, पेट दर्द, चक्कर और बेचैनी जैसी शिकायतें होने लगीं. हालत बिगड़ने पर परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.

सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि सभी मरीजों का तत्काल उपचार शुरू कर दिया गया है. समय पर अस्पताल पहुंच जाने के कारण उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक दवाएं दी जा रही हैं.

इधर, स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगलों में उगने वाले अज्ञात या बिना पहचान वाले मशरूम का सेवन न करें. विभाग का कहना है कि कई जंगली मशरूम जहरीले होते हैं और इनके सेवन से गंभीर खाद्य विषाक्तता या जानलेवा स्थिति उत्पन्न हो सकती है. लोगों से किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचने की सलाह दी गई है.
Edited By Sarita





