मधेपुरा: जिले के चौसा थाना क्षेत्र अंतर्गत घोषई पंचायत के अरसंडी गांव में शुक्रवार सुबह घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया. आरोप है कि एक बहू ने अपनी ही सास की पीट- पीटकर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और इलाके में मातम का माहौल है.

मृतका की पहचान स्वर्गीय पुलकित यादव की 68 वर्षीय पत्नी प्रमिला देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे प्रमिला देवी अपने घर के बाहर उगे घास- पतवार की सफाई कर रही थीं. इसी दौरान उनकी बहू राजो देवी अपने बच्चे को गाली- गलौज कर रही थी. सास ने बहू को बच्चे के सामने अपशब्दों का इस्तेमाल करने से मना किया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद धीरे- धीरे हिंसक हो गया. आरोप है कि बहू ने प्रमिला देवी के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर पटक दिया और उनका सिर सड़क पर दे मारा. जान बचाने के लिए वृद्ध महिला सड़क की ओर भागीं, लेकिन बहू ने पीछा करते हुए लकड़ी के पीढ़िया से उनके सिर पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के बाद प्रमिला देवी अचेत होकर गिर पड़ीं.

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौसा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलते ही चौसा थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान और एएसआई शैलेंद्र कुमार रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान ने बताया कि मामले में एक महिला को हिरासत में लिया गया है. घटना की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है. पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. लोग घरेलू विवाद में हुई इस हत्या को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं.



