जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गणगौर मिष्ठान की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री धुएं और आग की लपटों से घिर गई. दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

स्थानीय लोगों के अनुसार फैक्ट्री से पहले धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही देर बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई.
सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोकने की कोशिश की. घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर आंशिक रूप से काबू पाया गया.
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अगलगी की घटना में फैक्ट्री को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है.
घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अब तक किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है.
फिलहाल दमकल विभाग और प्रशासन की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है, जबकि इलाके में एहतियात के तौर पर सतर्कता बढ़ा दी गई है.



