मुजफ्फरपुर: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 15 अक्टूबर को प्रस्तावित मुजफ्फरपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इस दौरान मोतीपुर प्रखंड के महवल स्थित मेगा लेदर फुटवियर एंड एसेसरीज पार्क का उद्घाटन प्रस्तावित है. कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने अधिकारियों के साथ औद्योगिक परिसर का निरीक्षण किया.


जिलाधिकारी ने बताया कि बियाडा द्वारा महवल में 62 एकड़ भूमि पर आधुनिक लेदर पार्क विकसित किया जा रहा है. दो परिसरों में विभाजित इस पार्क में आंतरिक सड़क, नाला, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग, वे-ब्रिज और पावर सब-स्टेशन जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं. निर्माण कार्य अंतिम चरण में है.
तीन कंपनियों को शेड आवंटित, 44 भूखंड अब भी खाली
पार्क में प्रशासनिक भवन, मानव संसाधन विकास भवन, सामाजिक आधारभूत संरचना भवन और तीन प्लग एंड प्ले शेड बनाए गए हैं. बियाडा के अनुसार, बीएमएमजे एंड संस प्राइवेट लिमिटेड को 15,500 वर्गफीट, पटना लेदर को 46,500 वर्गफीट और देव हैंडीक्राफ्ट को 3,875 वर्गफीट स्थान आवंटित किया गया है.
इसके अतिरिक्त सोलवर्क फुटवियर प्राइवेट लिमिटेड को 15 हजार वर्गफीट तथा एबीसी लेदर को 87,120 वर्गफीट भूमि आवंटित की गई है. फिलहाल 13 ब्लॉक और 23.34 एकड़ क्षेत्रफल वाले 44 भूखंड आवंटन के लिए उपलब्ध हैं.
जिलाधिकारी ने कहा कि इस परियोजना से चमड़ा, फुटवियर और संबंधित उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है.
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने स्थानीय लोगों एवं विद्यार्थियों से भी संवाद किया. अधिकारियों ने संबंधित विभागों को प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम और औद्योगिक परिसर की शेष तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए.

