बांका: जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना अमरपुर-शंभूगंज मुख्य मार्ग पर शोभानपुर गांव के समीप हुई, जहां बाइक और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई.


मृतक की पहचान शोभानपुर निवासी महेंद्र कापरी के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक बादल कुमार उसी गांव का रहने वाला है.
जानकारी के अनुसार, महेंद्र मंगलवार सुबह बाइक से दूध बेचने इंग्लिश मोड़ जा रहे थे. इसी दौरान कोचिंग जाने के लिए सड़क किनारे खड़े बादल कुमार ने उनसे लिफ्ट मांगी. दोनों बाइक से आगे बढ़े ही थे कि सामने से आ रही दूसरी बाइक को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा गई.
हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने महेंद्र कापरी को मृत घोषित कर दिया. घायल बादल कुमार का इलाज जारी है.
महेंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घटना से पूरे शोभानपुर गांव में शोक का माहौल है. सूचना पर पहुंची अमरपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.

