छपरा: सारण जिले में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार दो दिनों में दो शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. पहले दिघवारा थाना क्षेत्र में माही नदी के बांध के पास एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ. वहीं, मंगलवार की अहले सुबह दरियापुर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में सड़क किनारे गड्ढे से करीब 20 वर्षीय युवक का शव मिला. युवक की पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई है. दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है, जबकि युवक की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है.


दिघवारा में मिला अज्ञात युवती का शव
जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह दिघवारा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर ककड़ियां गांव के समीप माही नदी के बांध के पास जींस और टी-शर्ट पहने एक युवती का शव मिला था. शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया. युवती की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. पुलिस उसकी पहचान करने और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
दरियापुर में गड्ढे से मिला युवक का शव
दूसरी घटना मंगलवार की अहले सुबह दरियापुर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव की है. यहां सड़क किनारे गड्ढे से करीब 20 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान एम कुवारी गांव निवासी सुदर्शन राय के पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है.
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की. सूरज का शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और अस्पताल परिसर में मातम छा गया.
हत्या की आशंका, पुलिस जांच जारी
सड़क किनारे गड्ढे में युवक का शव मिलने के बाद उसकी मौत को लेकर संदेह जताया जा रहा है. हालांकि, युवक की हत्या हुई है या उसकी मौत किसी अन्य परिस्थिति में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
लगातार दो दिनों में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शव मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल, दोनों घटनाओं के बीच किसी तरह के संबंध की पुष्टि नहीं हुई है. युवती की पहचान और युवक की मौत की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

