गोपालगंज: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को भोरे विधानसभा क्षेत्र के कटेया में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया. निर्धारित कार्यक्रम के तहत वे हेलीकॉप्टर से पटना से सीधे गोपालगंज पहुंचे और जी.एन. उच्च विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित सभा में शामिल हुए. यह जनसभा जनता दल यूनाइटेड (JDU) प्रत्याशी और बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार के समर्थन में आयोजित की गई थी.

मुख्यमंत्री ने इस दौरान हथुआ विधानसभा के जेडीयू प्रत्याशी रामसेवक सिंह कुशवाहा और कुचायकोट के प्रत्याशी अमरेंद्र कुमार पांडे उर्फ पप्पू पांडे के लिए भी वोट की अपील की. अपने संबोधन में नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में बीते 18 वर्षों में उनकी सरकार ने विकास के हर क्षेत्र में काम किया है. उन्होंने कहा कि राज्य में बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं. जीविका समूह के माध्यम से लाखों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया है.
नीतीश कुमार ने कहा, “हमारी सरकार ने गांव-गांव तक बिजली पहुंचाई, सड़कों का जाल बिछाया और रोजगार सृजन की दिशा में लगातार प्रयास किया है.” उन्होंने अगले कार्यकाल के लिए वादा किया कि जेडीयू की सरकार बनने पर एक करोड़ रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे.
सभा के दौरान जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, मंत्री संजय झा, प्रत्याशी सुनील कुमार, रामसेवक सिंह कुशवाहा और अमरेंद्र पांडे सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे. हालांकि, मैदान में कई खाली कुर्सियां भी देखी गईं.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
