पटना: बिहार के प्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने युवा नेता निशांत कुमार को खास अंदाज में बधाई दी है. मधुरेंद्र कुमार ने पीपल के छोटे से हरे पत्ते पर बेहद बारीक और आकर्षक कलाकृति बनाकर “Welcome to JDU – Congrats Nishant” लिखते हुए अपनी शुभकामनाएं दी हैं.

बताया जा रहा है कि इस कलाकृति को बनाने में कलाकार मधुरेंद्र कुमार को करीब 5 घंटे का समय लगा. लगभग 3 सेंटीमीटर के छोटे से पीपल के पत्ते पर उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा निशांत कुमार को बधाई देते हुए एक मनमोहक तस्वीर उकेरी है. इस खास लीफ आर्ट में उन्होंने “जदयू में आपका स्वागत है – बधाई हो निशांत” का संदेश भी अंकित किया है. यह कला अपनी बारीकी और अनोखेपन के कारण लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है.
कलाकार मधुरेंद्र कुमार का कहना है कि इस कलाकृति के माध्यम से उन्होंने निशांत कुमार को शुभकामनाएं दी हैं. साथ ही यह संदेश देने की कोशिश की है कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाएं और बिहार के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं.
मधुरेंद्र कुमार की यह अनोखी कलाकृति इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. लोग इस बारीक और अद्भुत कला की जमकर सराहना कर रहे हैं और इसे काफी पसंद किया जा रहा है.

