जमशेदपुर: मानगो स्थित आजादनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह सड़क किनारे खड़ी एक बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. ओल्ड पुरुलिया रोड संख्या-1 स्थित राज मोबाइल के समीप खड़ी बस देखते ही देखते आग की चपेट में आ गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह लोगों ने बस से धुआं और आग की लपटें निकलते देख इसकी सूचना संबंधित विभागों को दी. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बस उसकी चपेट में आ गई. घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.
जानकारी के अनुसार बस प्रतिदिन रात में उसी स्थान पर खड़ी की जाती थी और सुबह अपने निर्धारित रूट पर रवाना होती थी. फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है और इसकी जांच की जा रही है.
आग की चपेट में आने से पास स्थित बिजली विभाग का पोल और कई विद्युत तार भी क्षतिग्रस्त हो गए. कई तार जल जाने से आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो आसपास की दुकानों और अन्य संपत्तियों को भी भारी नुकसान हो सकता था.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक



