लोहरदगा: जिले के जोबांग और किस्को थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित अंवराझरिया झरने में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान किस्को थाना क्षेत्र के होंदगा निवासी लाल अजय नाथ शाहदेव के 27 वर्षीय पुत्र रितेश शाहदेव उर्फ पप्पू और चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के सोहरकला निवासी श्याम बिहारी सिंह के 30 वर्षीय पुत्र रूपेश कुमार सिंह उर्फ राजा के रूप में हुई है.


जानकारी के अनुसार रूपेश अपनी मां के साथ एक दिन पहले बीमार नाना-नानी से मिलने अपने ननिहाल आया था. वहां से वह अपने ममेरे भाई रितेश के साथ बाइक से पठारी क्षेत्र घूमने निकल गया. दोनों देवदरिया के पास स्थित झरने पर पहुंचे और बेहद संकरी एवं कठिन पहाड़ी पगडंडी से नीचे झरने तक चले गए.
बताया गया कि दोनों झरने में नहा रहे थे. इसी दौरान फिसलन भरे पत्थर पर रितेश का पैर फिसल गया और उसके सिर में गंभीर चोट लगी. उसे बचाने के प्रयास में रूपेश भी पानी में कूद गया. इसके बाद दोनों गहरे पानी में डूब गए. परिजनों के मुताबिक दोनों को तैरना नहीं आता था.
रूपेश इंजीनियर था, जबकि रितेश मार्शल आर्ट ट्रेनर के रूप में काम करता था. रितेश कई विद्यालयों और संस्थानों में मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दे चुका था. खेल के क्षेत्र में उसने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक भी जीते थे.
दोनों युवक जब शाम तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की. दोनों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ बता रहे थे और नेटवर्क क्षेत्र से बाहर थे. आखिरी लोकेशन की जानकारी के आधार पर तलाश शुरू की गई. खोजबीन के दौरान किस्को-जुबांग सड़क के किनारे झरने के रास्ते में दोनों की बाइक खड़ी मिली.
इसके बाद स्थानीय लोगों ने झरने के आसपास तलाश शुरू की. पानी में रितेश का शव तैरता हुआ मिला, लेकिन रूपेश का कोई पता नहीं चला. झरने के किनारे दोनों के कपड़े, मोबाइल फोन और चप्पलें भी मिलीं. इससे आशंका जताई गई कि रूपेश भी पानी में डूब गया है.
इसके बाद झरने की गहराई में रूपेश की तलाश के लिए अभियान चलाया गया. करीब चार घंटे तक चले अथक प्रयास के बाद उसका शव भी बरामद कर लिया गया.
घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है. इस हादसे ने पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा और सावधानी की जरूरत को भी सामने ला दिया है.
खासकर झरने और पहाड़ी क्षेत्रों में फिसलन भरे रास्तों, गहरे पानी और कठिन भूभाग को देखते हुए पर्यटकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

