कुचाई: प्रखंड मुख्यालय परिसर में सोमवार को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत चयनित नौ लाभुकों के बीच बकरा-बकरी का वितरण किया गया. वैष्णवी इंटरप्राइजेज रांची के माध्यम से आयोजित वितरण कार्यक्रम में चार लाभुकों को प्रति लाभुक 8 बकरी और 2 बकरा, जबकि पांच लाभुकों को प्रति लाभुक 4 बकरी और 1 बकरा उपलब्ध कराया गया.


कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार मुंडा, प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी, जिला परिषद सदस्य जींगी हेंब्रम और पशुपालन पदाधिकारी डॉ. शंकर सिंह ने संयुक्त रूप से लाभुकों को बकरा-बकरी प्रदान किए.
विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार मुंडा ने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के किसानों, पशुपालकों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को पशुपालन के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ना है. बकरी पालन कम लागत में आय का बेहतर साधन बन सकता है. उन्होंने लाभुकों से पशुओं की उचित देखभाल कर योजना का लाभ उठाने की अपील की.
प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है. इस योजना से लाभुकों के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ने के साथ उनकी आय में वृद्धि हो सकती है.
जिला परिषद सदस्य जींगी हेंब्रम ने लाभुकों को पशुपालन को व्यवसाय के रूप में विकसित करने और पशुओं के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी.
पशुपालन पदाधिकारी डॉ. शंकर सिंह ने बताया कि लाभुकों को उपलब्ध कराए गए पशुओं के स्वास्थ्य, टीकाकरण और देखभाल को लेकर विभागीय स्तर पर आवश्यक सहयोग दिया जाएगा. उन्होंने बेहतर उत्पादन और आय के लिए वैज्ञानिक पद्धति से पशुपालन करने पर जोर दिया.
मौके पर विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार मुंडा, प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी, जिला परिषद सदस्य जींगी हेंब्रम, पशुपालन पदाधिकारी डॉ. शंकर सिंह, ग्रीस सोय, उमेश कुमार, राजेश कुमार सहित सभी चयनित लाभुक उपस्थित थे.

