जामताड़ा: आर्ट ऑफ लिविंग जामताड़ा केंद्र की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर लीलावती आवास स्थित केंद्र में रजत जयंती समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया. समारोह में आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़े सदस्यों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. इस दौरान संस्था की 25 वर्षों की यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई.


आर्ट ऑफ लिविंग जामताड़ा की शिक्षिका रेणु पदपात्र और रून्टी चंद्र ने बताया कि करीब 25 वर्ष पूर्व जामताड़ा में आर्ट ऑफ लिविंग का कार्यक्रम शुरू हुआ था. समय के साथ संस्था से शहर के हजारों लोग जुड़े और योग, ध्यान सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक उन्नति का लाभ प्राप्त कर रहे हैं.
संस्था के संरक्षक ओम प्रकाश चौधरी ने कहा कि आर्ट ऑफ लिविंग की गतिविधियां केवल जामताड़ा शहर तक सीमित नहीं हैं. आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में लोग संस्था से जुड़कर लाभान्वित हो रहे हैं. उन्होंने संस्था की गतिविधियों को और व्यापक स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया.
समारोह में झारखंड स्टेट टीचर्स कोऑर्डिनेटर चांदनी अग्रवाल और उनके सहयोगी हर्षद भी शामिल हुए. उन्होंने जामताड़ा में आर्ट ऑफ लिविंग के कार्यों को और बेहतर एवं व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने को लेकर अपने विचार साझा किए.
इसके बाद शंख फूंकना और कप-अप प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में करीब 50 सदस्यों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. इस दौरान सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला.
कार्यक्रम के अंत में आर्ट ऑफ लिविंग की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में वरिष्ठ सदस्य प्रदोष सरकार और कंचन मजूमदार ने केक काटा. इसके बाद उपस्थित सदस्यों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.
समारोह को सफल बनाने में अजय कुमार चांद, कंचन मजूमदार, राजेश चौधरी, सौमेन पाल, अमित कुमार, पप्पू कुमार, शत्रुघ्न यादव, भास्कर चांद, भावेश शाह, आशीष महतो, सुनीता चौधरी, विनती देवी, अनीता अग्रवाल, संगीता पाणिकर, श्राबोनी चांद, मुनमुन माझी और मधु कुमारी समेत अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

