चांडिल: चौका मोड़ पर सड़क किनारे दर्द से कराह रहे एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति की मदद के लिए आकाश महतो आगे आए. अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल व्यक्ति के बाएं हाथ की दोनों हड्डियां टूट गई थीं. सूचना मिलने के बाद आकाश महतो मौके पर पहुंचे और स्थानीय दुकानदारों के सहयोग से घायल को इलाज के लिए चिकित्सक के पास पहुंचाया.


बताया गया कि रविवार सुबह चौका मोड़ के कुछ दुकानदारों ने फोन पर आकाश महतो को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पहुंचे. घायल की स्थिति को देखते हुए तत्काल उपचार की जरूरत महसूस हुई. सहायता के लिए प्रशासन से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समय पर मदद उपलब्ध नहीं हो सकी.
दुकानदारों ने बढ़ाया हाथ, टेंपो से पहुंचाया चिकित्सक के पास
इसके बाद आकाश महतो ने स्थानीय दुकानदार रहमान, बाजार समिति के अध्यक्ष बसंत प्रमाणिक और अन्य दुकानदारों से सहयोग लिया. टेंपो स्टैंड से वाहन की व्यवस्था कर घायल व्यक्ति को खूंटी स्थित चिकित्सक डॉ. गदाधर गोराई के पास ले जाया गया.
चिकित्सकीय जांच और एक्स-रे के बाद पता चला कि घायल व्यक्ति के बाएं हाथ की दोनों हड्डियां बुरी तरह टूट गई हैं. डॉ. गदाधर गोराई ने तत्काल उपचार करते हुए हाथ पर प्लास्टर किया और आवश्यक दवाइयों की भी व्यवस्था की. बताया गया कि चिकित्सक ने जरूरतमंद व्यक्ति की स्थिति को देखते हुए उपचार के लिए कोई शुल्क नहीं लिया.
नर सेवा ही नारायण सेवा: आकाश
आकाश महतो ने डॉ. गदाधर गोराई के सेवाभाव की सराहना करते हुए उनका आभार जताया. उन्होंने कहा कि जरूरत के समय किसी असहाय व्यक्ति के साथ खड़ा होना ही मानवता की वास्तविक पहचान है. उन्होंने कहा, “नर सेवा ही नारायण सेवा है. समाज में जरूरतमंद और असहाय लोगों की मदद करना हम सभी का नैतिक दायित्व है.”
आकाश महतो ने कहा कि इसी भावना के साथ जरूरतमंद लोगों की सेवा का प्रयास आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने घायल व्यक्ति को अस्पताल तक पहुंचाने में सहयोग करने वाले रहमान, बसंत प्रमाणिक, टेंपो चालक और चौका मोड़ के स्थानीय दुकानदारों के प्रति भी आभार व्यक्त किया.
इस पूरे घटनाक्रम में स्थानीय लोगों का सामूहिक प्रयास भी सामने आया. सड़क पर असहाय पड़े व्यक्ति की पहचान या सामाजिक स्थिति देखे बिना जिस तरह लोगों ने उसके इलाज के लिए हाथ बढ़ाया, उसने मुसीबत के वक्त मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की एक सकारात्मक मिसाल पेश की.

