आदित्यपुर: थाना क्षेत्र के मोती नगर में चोरी की एक और घटना ने पुलिस की रात्रि गश्ती और अपराध नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस बार मामला एक निर्माणाधीन मकान से करीब 70 से 80 हजार रुपये मूल्य के सामान की कथित चोरी का है. घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें संदिग्धों को सामान लेकर पैदल जाते हुए देखा जा रहा है.


लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर वार्ड संख्या चार के पार्षद शुभम कुमार पांडे का गुस्सा रविवार को खुलकर सामने आया. उन्होंने आदित्यपुर पुलिस से क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की है. ऐसा नहीं होने पर उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ आदित्यपुर थाना का घेराव करने की चेतावनी दी है.
चोर पकड़े भी जा रहे, फिर मोती नगर में चोरी रुक क्यों नहीं रही !
पार्षद शुभम कुमार पांडे ने रविवार दोपहर करीब 12 बजे मामले की जानकारी देते हुए कहा कि मोती नगर में चोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. चोरी के मामलों में आरोपी पकड़े जाने के बावजूद क्षेत्र में लगातार घटनाएं सामने आ रही हैं.
ऐसे में सवाल सीधे आदित्यपुर पुलिस की अपराध नियंत्रण रणनीति पर उठ रहा है. यदि चोर पकड़े जा रहे हैं और पुलिस की गश्ती भी हो रही है तो आखिर मोती नगर में चोर इतने बेखौफ कैसे हैं ?
स्थानीय स्तर पर लगातार चोरी होना इस बात की जरूरत को रेखांकित करता है कि पुलिस केवल घटना के बाद प्राथमिकी और गिरफ्तारी तक सीमित न रहे, बल्कि चोरी प्रभावित इलाकों की पहचान कर वहां प्रभावी रात्रि गश्ती और निगरानी सुनिश्चित करे.
कब्जा तोड़कर घर में घुसे, सामान लेकर पैदल निकल गए
बताया जा रहा है कि शनिवार की रात चोरों ने मोती नगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाया. आरोप है कि दरवाजे का कब्जा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले कई महंगे सामान चुरा लिए गए.
हैरानी की बात यह है कि संदिग्ध सामान को पैदल ही ढोकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं. सामने आए CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने की मांग की जा रही है. चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 70 से 80 हजार रुपये बताई जा रही है.
‘गश्ती बढ़ाइए, वरना थाना घेरेंगे’
पार्षद शुभम कुमार पांडे ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने की मांग की. उनका कहना है कि मोती नगर में पुलिस गश्ती बढ़ाई जानी चाहिए और लगातार हो रही चोरी पर ठोस कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो मोती नगर के लोगों के साथ आदित्यपुर थाना का घेराव किया जाएगा. पार्षद ने पूरे मामले की शिकायत आदित्यपुर नगर निगम के मेयर और सरायकेला- खरसावां के उपायुक्त से करने की बात भी कही है.
घटना के बाद पुलिस सक्रिय होगी या घटना से पहले भी दिखेगी गश्ती ?
मोती नगर की घटना आदित्यपुर पुलिस के सामने केवल एक चोरी के खुलासे की चुनौती नहीं है. सवाल लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने का भी है. CCTV सामने है. संदिग्धों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं. अब पुलिस के सामने चुनौती आरोपियों की पहचान कर चोरी गए सामान की बरामदगी करने की है. साथ ही यह भी सुनिश्चित करना होगा कि मोती नगर चोरी के लिए आसान निशाना न बना रहे.
हर चोरी के बाद पुलिस का पहुंचना एक प्रक्रिया है, लेकिन अपराध नियंत्रण की असली कसौटी यह है कि पुलिस की मौजूदगी ऐसी हो कि चोर वारदात करने से पहले सोचने को मजबूर हों. मोती नगर के लोग फिलहाल इसी जवाब का इंतजार कर रहे हैं- आखिर लगातार हो रही चोरियों पर आदित्यपुर पुलिस का स्थायी ‘ब्रेक’ कब लगेगा ?
देखिए CCTV Video

