
आदित्यपुर: टोल प्लाजा के समीप ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय के साथ कथित मारपीट और छिनतई मामले में नया मोड़ आ गया है. प्रारंभिक सूचना में इसे छिनतई की घटना बताया गया था, लेकिन पुलिस जांच में मामला सड़क पर ओवरटेक को लेकर हुए विवाद का निकला.


पुलिस के अनुसार, रविवार को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय के साथ दो अज्ञात युवकों ने गाड़ी रोककर मारपीट और छिनतई की है. सूचना के सत्यापन के दौरान पता चला कि स्कूटी संख्या JH05DL4479 पर सवार दो युवक कदमा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय भी सामान पहुंचाने के लिए उसी दिशा में जा रहा था.
जांच में सामने आया कि ओवरटेक करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो गाली-गलौज और धक्का-मुक्की तक पहुंच गई. हालांकि पुलिस हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद सुलझा लिया.
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों ने लिखित आवेदन देकर किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं करने की इच्छा जताई है. इसके बाद मामले का आपसी समझौते के आधार पर निपटारा कर दिया गया है.





