
चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में अपराध, जुआ और नशाखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार देर रात पुलिस ने तमोलिया स्थित पंचायत भवन के पीछे संचालित एक जुआ अड्डे पर छापेमारी की. पुलिस की कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जुआ खेल रहे लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.


कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि नियमित गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि तमोलिया पंचायत भवन के पीछे मैदान में 8 से 10 लोग जुआ खेल रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की, लेकिन पुलिस वाहन पहुंचते ही सभी जुआरी अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले.
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फरार हुए लोगों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है. ओपी प्रभारी ने कहा कि पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ जुआ अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने स्पष्ट किया कि कपाली ओपी क्षेत्र में जुआ, नशाखोरी और अन्य अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. साथ ही आम लोगों से अपील की कि ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





