
आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शर्मा बस्ती में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई. जहां शौच के लिए गए एक युवक पर एक सनकी युवक ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई.


घटना सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है. घायल युवक की पहचान निखिल कुमार (23 वर्ष) के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गम्हरिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निखिल कुमार शर्मा बस्ती में शौच कर रहा था. इसी दौरान पिंटू प्रधान उर्फ पिंटू माकड़ नामक युवक वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया. हमले में निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिंटू प्रधान उर्फ पिंटू माकड़ को हिरासत में ले लिया. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और हमले के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. घायल के बयान और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे आपसी विवाद या व्यक्तिगत रंजिश की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है.





