
आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवनारायणपुर मैदान में रविवार देर रात दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान गौतम मुंडा के रूप में हुई है, जो शिवनारायणपुर का ही निवासी बताया जा रहा है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है.


प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार देर रात किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. इसी दौरान गौतम मुंडा पर धारदार हथियार और पत्थरों से सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर घटनास्थल पर गिर पड़ा.
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल गौतम मुंडा को पहले गंगोत्री नर्सिंग होम ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) रेफर कर दिया. हालांकि अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही गौतम मुंडा ने दम तोड़ दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
युवक की हत्या के बाद शिवनारायणपुर और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है.





