
आदित्यपुर: सिखों के पांचवें गुरु श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर शनिवार को आदित्यपुर के आशियाना मोड़ पर सिख नौजवान सभा की ओर से भव्य छबील का आयोजन किया गया. भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों और स्थानीय लोगों के बीच ठंडा शरबत और चना वितरित कर मानव सेवा का संदेश दिया गया.


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह ने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी का शहीदी दिवस हमें साहस, धैर्य, सत्य और मानवता की सेवा के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा कि मानव सेवा का सर्वोत्तम उदाहरण सिख समाज प्रस्तुत करता है और यह परंपरा पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने इस पुनीत आयोजन के लिए सिख नौजवान सभा की सराहना करते हुए सभी सेवादारों को बधाई दी.
आयोजन समिति के सेवा सिंह ने बताया कि सिख समाज हर वर्ष गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर छबील लगाकर लोगों की सेवा करता है. उन्होंने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब में गुरु अर्जुन देव जी की वाणी को विशेष स्थान प्राप्त है और उनका जीवन मानवता, सेवा और त्याग का प्रतीक है. उन्होंने लोगों से गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया.
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में सेवा सिंह, जसपाल सिंह, मंजीत सिंह, हरदीप, अमनदीप, गुरुचरण सिंह, इंद्रजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, जसजोत सिंह, हरविन्दर सिंह, दीप, मन्नत, अश्विनी सिंह, मिथलेश झा सहित बड़ी संख्या में सेवादार एवं गणमान्य लोगों की सक्रिय भागीदारी रही.
Edited By Sarita Mahato


