आदित्यपुर: थाना अंतर्गत टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग पर बीएसएनएल कार्यालय के समीप शनिवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई. जहां सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई. हादसे के बाद युवक काफी देर तक सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा रहा, जिससे उसकी हालत और गंभीर हो गई.

मृतक की पहचान रोहित कुमार पाठक (28) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह देर रात अपनी बाइक से गम्हरिया की ओर जा रहा था. इसी दौरान बीएसएनएल कार्यालय के पास सड़क किनारे खड़े एक ब्रेकडाउन ट्रेलर से उसकी बाइक जा भिड़ी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और रोहित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के बाद युवक काफी देर तक मौके पर तड़पता रहा.
राहगीरों की सूचना पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में मातम छा गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रेलर खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था. हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाहन चालक ने सुरक्षा के लिए कोई संकेतक या चेतावनी बोर्ड लगाया था या नहीं. हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि आदित्यपुर- कांड्रा मार्ग पर अक्सर बड़े वाहन सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.



