इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
सरायकेला: जिले के खरसावां- कुचाई मुख्य सड़क पर रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर होंडा शोरूम में जा घुसी. हादसे में शोरूम के बाहर खड़ी दो नई बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक युवक बाल- बाल बच गया. घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी का माहौल बन गया.
जानकारी के अनुसार देहरूडीह गांव के पास इंडिगो कार (जेएच 05 एएफ 3268) तेज गति से खरसावां की ओर आ रही थी. इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से करीब 15 से 20 फीट अंदर स्थित होंडा शोरूम में जा घुसी. हादसे में शोरूम परिसर में खड़ी दो नई बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं. वहीं पास के एक घर में लगा करकट का शेड भी टूट गया.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
बताया जा रहा है कि कार में खरसावां के बैजनाथपुर गांव निवासी रौशन राउत और पदमपुर- तेलीसाही गांव निवासी विवेक साहू सवार थे. दोनों युवक कुचाई से खरसावां लौट रहे थे. दुर्घटना में दोनों को चोटें भी आई हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के बाद दोनों युवक कार छोड़कर मौके से फरार हो गए. दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और हालात का जायजा लिया.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दोनों युवक नशे की हालत में थे और लापरवाही से वाहन चला रहे थे. क्षेत्र के लोगों का कहना है कि खरसावां- कुचाई सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. इधर घटना के बाद कुछ लोग मामले को आपसी स्तर पर रफा- दफा करने में जुटे हुए हैं. फिलहाल मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा बनी हुई है.