आदित्यपुर: थाना क्षेत्र के कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में मिले रघु महतो के शव की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे मे सुलझा लिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित अनुसंधान करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बुधवार को एसपी मनोज स्वर्गियारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया.


गौरतलब है कि मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था. जांच के बाद मृतक की पहचान शांतिनगर निवासी रघु महतो के रूप में हुई. पत्नी के आवेदन पर आदित्यपुर थाना कांड संख्या 287/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की.
पुलिस की तफ्तीश से खुली हत्या की परतें
एसपी के निर्देश पर सरायकेला एसडीपीओ अनुभवन भारद्वाज के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. पुलिस के मुताबिक जांच में पता चला कि मृतक और तीनों आरोपी एक ही कंपनी में काम करते थे. वेतन में मिले रुपये लूटने के उद्देश्य से रघु महतो को शराब पिलाकर उसकी हत्या की गई और शव को कृषि विज्ञान केंद्र के पास छोड़ दिया गया. पुलिस ने मामले में शंकर सरदार, रवि महतो और भीम महतो को गिरफ्तार किया है.
लूटे गए पूरे 11 हजार रुपये भी बरामद
पुलिस की कार्रवाई की अहम बात यह रही कि आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ मृतक से लूटे गए 11 हजार रुपये, उसका एंड्रॉयड मोबाइल फोन और शर्ट भी बरामद कर लिया गया. तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं. एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि विशेष टीम की कार्रवाई से हत्या के पीछे की वजह सामने आई और आरोपियों तक पुलिस पहुंचने में सफल रही. छापेमारी दल में एसडीपीओ अनुभवन भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और टाइगर मोबाइल के जवान शामिल थे.

