
सरायकेला-खरसावां: जिले में अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है. इसी कड़ी में तिरुलडीह थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बालू से लदे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं. इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.


तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार ने बताया कि 4 जुलाई की रात अवैध बालू उत्खनन और परिवहन की गुप्त सूचना मिलने के बाद विशेष छापामारी अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान सपादा गांव के समीप दो संदिग्ध ट्रैक्टरों को रोककर जांच की गई. जांच में दोनों ट्रैक्टरों पर करीब 200 सीएफटी अवैध बालू लदा पाया गया.
इसके बाद पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा. मामले में संबंधित वाहन मालिकों और चालकों के विरुद्ध खनन अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
थाना प्रभारी कौशल कुमार ने कहा कि तिरुलडीह थाना क्षेत्र में अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
हाल के दिनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई से साफ है कि पुलिस अब इस अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सख्त रुख अपनाए हुए है.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर





