सरायकेला: जिले के आदित्यपुर स्थित DAV NIT एक बार फिर फीस वसूली को लेकर सवालों के घेरे में आ गया है. अभिभावकों की शिकायत के बाद डीसी के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन से जवाब तलब किया है, लेकिन अब तक स्थिति साफ नहीं हो सकी है.

जानकारी के अनुसार, स्कूल द्वारा जारी फीस स्ट्रक्चर को लेकर कई अभिभावकों ने आपत्ति जताई है. स्ट्रक्चर में ट्यूशन फीस तो स्पष्ट रूप से दर्शाई गई है, लेकिन अन्य मदों में लिए जा रहे शुल्क का कोई विस्तृत ब्योरा नहीं दिया गया है. इसी को लेकर अभिभावकों ने डीसी से शिकायत की थी. शिक्षा विभाग ने CBSE के गाइडलाइन का हवाला देते हुए स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगा है. हालांकि, करीब एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक जवाब नहीं दिया गया है.
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि विभागीय सख्ती के बाद स्कूल प्रबंधन ने अचानक ऑनलाइन फीस वसूली पर रोक लगा दी है, लेकिन इसकी कोई आधिकारिक सूचना विभाग को नहीं दी गई. इससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया है. इधर 1 अप्रैल से नया सत्र शुरू होने वाला है, ऐसे में अभिभावक उहापोह की स्थिति में हैं. उन्हें स्कूल काउंटर पर जाकर फीस जमा करने की सलाह दी जा रही है. कुछ अभिभावक काउंटर के माध्यम से भुगतान भी कर रहे हैं, जबकि पहले इस पर रोक लगी हुई थी. अब कहा जा रहा है कि 5 अप्रैल के बाद फिर से ऑनलाइन भुगतान शुरू किया जाएगा.
इस पूरे घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अगर सब कुछ नियमों के अनुसार है, तो फिर फीस स्ट्रक्चर को लेकर स्पष्टता क्यों नहीं दी जा रही. ऑनलाइन भुगतान अचानक क्यों रोका गया. और विभाग के नोटिस का जवाब देने में देरी क्यों हो रही है. अभिभावकों का आरोप है कि कहीं न कहीं फीस वसूली में पारदर्शिता की कमी है, जिसे छिपाने की कोशिश की जा रही है. अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और क्या स्कूल प्रबंधन अभिभावकों के सवालों का संतोषजनक जवाब दे पाता है.

