आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब पुलिस पेट्रोलिंग टीम की मौजूदगी में भी खुलेआम जानलेवा हमला हो रहा है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर आदित्यपुर पुलिस अपराध रोकने में विफल क्यों साबित हो रही है.

वार्ड संख्या 17 स्थित प्रभात पार्क के समीप बीती रात प्रमोद कुमार दास, उनके बेटे आशीष कुमार दास और अंकित कुमार दास पर असामाजिक तत्वों ने धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. बताया जा रहा है कि प्रमोद कुमार दास ठेला लगाकर दुकान चलाते हैं. रात करीब 9:30 बजे कुछ युवक वहां पहुंचे और खाना पैक करने को कहा. दुकान में भीड़ होने के कारण थोड़ी देर होने पर आरोपी भड़क उठे और अचानक चाकू एवं हथियार से हमला कर दिया. सबसे शर्मनाक बात यह रही कि बीच-बचाव के दौरान पहुंचे बेटों पर भी जानलेवा हमला किया गया और पुलिस पेट्रोलिंग टीम के सामने ही मारपीट होती रही. इसके बावजूद हमलावर मौके से फरार हो गए. सवाल उठ रहा है कि जब पुलिस मौके पर मौजूद थी, तो आखिर अपराधी भागने में कैसे सफल हो गए.
पीड़ित परिवार का आरोप है कि प्राथमिक उपचार के बाद लौटने पर दोबारा उनके साथ मारपीट की गई. इतना ही नहीं, हमलावरों ने पुलिस में काउंटर केस भी दर्ज करा दिया और अब खुलेआम घूम रहे हैं. इससे साफ दिख रहा है कि अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं बचा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन पुलिस की कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित नजर आती है. अपराधी खुलेआम हमला कर रहे हैं और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. अब बड़ा सवाल यही है कि आदित्यपुर पुलिस आखिर अपराधियों पर लगाम लगाएगी या सिर्फ घटनाओं के बाद खानापूर्ति करती रहेगी.



