सरायकेला: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के फेज-7 स्थित सीटीसी प्रीसीजन टूल्स प्राइवेट लिमिटेड में 8 सितंबर को राज्यपाल के संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. रविवार को उपायुक्त नितीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने कंपनी परिसर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, आवागमन और अन्य प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राज्यपाल के संभावित आगमन और प्रस्थान के मार्ग, कार्यक्रम स्थल, वाहनों की पार्किंग, अतिथियों के प्रवेश एवं निकास सहित सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की. पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने तथा यातायात व्यवस्था इस तरह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, जिससे आम लोगों और औद्योगिक क्षेत्र में आने-जाने वाले वाहनों को अनावश्यक परेशानी न हो.


वहीं पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि संभावित कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के सभी आवश्यक पहलुओं का आकलन किया जा रहा है. कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात एवं विधि-व्यवस्था को लेकर आवश्यक रणनीति तैयार की जाएगी.


